Vitamin-D सप्लीमेंट लेने से पहले जान लें D2 और D3 का फर्क

अक्सर जब भी हड्डियों की मजबूती और कैल्शियम की बात आती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहला नाम Vitamin-D का आता है। हम सभी जानते हैं कि यह विटामिन हमारी हड्डियों के लिए कितना जरूरी है।

हालांकि, यह सिर्फ हड्डियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी स्केलेटल मसल्स और दिल समेत शरीर के अन्य टिश्यूज में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हाल ही में हुए एक दिलचस्प अध्ययन से यह बात सामने आई है कि दिल और मसल्स की सेहत के लिए विटामिन डी का एक खास रूप ज्यादा असरदार होता है।

रिसर्च में क्या आया सामने?
आमतौर पर डाइटरी सप्लीमेंट्स और खाद्य पदार्थों को पोषक तत्वों से भरपूर बनाने के लिए विटामिन डी के दो मुख्य रूपों- विटामिन डी2 और विटामिन डी3 का इस्तेमाल किया जाता है। हैदराबाद स्थित ‘आइसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (ICMR-NIN)’ द्वारा की गई एक नई रिसर्च में पाया गया है कि स्केलेटल मसल्स और हार्ट फंक्शन को बेहतर बनाए रखने में विटामिन डी3, विटामिन डी2 की तुलना में कहीं ज्यादा प्रभावी है।

आखिर क्यों पड़ी इस अध्ययन की जरूरत?
वैज्ञानिकों के पास इस बात के बहुत कम सबूत मौजूद थे कि हड्डियों के स्वास्थ्य के अलावा, क्या विटामिन डी के ये दोनों रूप शरीर के बाकी हिस्सों पर भी एक जैसा ही असर डालते हैं। इसी बड़े सवाल का जवाब ढूंढने के लिए शोधकर्ताओं ने यह कदम उठाया।

कैसे हुआ परीक्षण?
इन अंतरों की गहराई से जांच करने के लिए शोधकर्ताओं ने नर चूहों का इस्तेमाल किया और उन्हें अलग-अलग तरह का खाना दिया गया। इस प्रयोग के दौरान, विटामिन डी की कमी से उबरने और शरीर में उसके स्तर को बनाए रखने की प्रक्रिया में चूहों की कंकाल मांसपेशियों और हृदय संबंधी मापदंडों पर डी2 और डी3 के प्रभावों की तुलना की गई।

आपको बता दें कि यह महत्वपूर्ण शोध ‘मालिक्यूलर न्यूट्रिशन एंड फूड रिसर्च’ में प्रकाशित हुआ है, जिसने यह साफ कर दिया है कि मसल्स और हार्ट हेल्थ को दुरुस्त रखने में विटामिन डी3 ज्यादा कारगर विकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *