भगवान इंद्र के खिलाफ डीएम से शिकायत !

बारिश की फुहारें और रिमझिम बरसता पानी भला किसको अच्छा नहीं लगता होगा लेकिन जब ये हद से ज्यादा हो जाए तो इंसान कितना परेशान हो सकता है इसका अंदाजा आप इस खबर से लगा सकते हैं। उत्तर प्रदेश के हरदोई में बारिश से परेशान एक युवक ने ऐसा काम कर दिया कि अब हर तरफ उसी की चर्चा हो रही है. हम सब देखते हैं कि लोग सड़क खराब है, लाइट नहीं आ रही या पानी नहीं आ रहा, ऐसी शिकायतें अफसरों से करते हैं. लेकिन यहां तो मामला ही उल्टा हो गया. हरदोई के एक लड़के ने सीधे बारिश के देवता इंद्रदेव के खिलाफ ही शिकायत ठोक दी. उसने जिलाधिकारी से हाथ जोड़कर कहा कि साहब अपने किसी दिव्य जुगाड़ से इंद्रदेव को बोल दीजिए कि थोड़ी बारिश रोक दें.

 

मल्लावां ब्लॉक के सूरज तिवारी ने भेजी अर्जी

यह पूरा मामला हरदोई के मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव का है. गांव के रहने वाले सूरज तिवारी नाम के युवक ने जनसुनवाई पोर्टल पर जाकर ये शिकायत दर्ज कराई है. अपनी अर्जी में सूरज ने लिखा है कि पिछले कई घंटों से इंद्रदेव महाराज लगातार पानी बरसा रहे हैं. कभी तेज बारिश तो कभी रिमझिम बारिश से पूरा जनजीवन बिगड़ गया है. कोई टाइम टेबल भी नहीं है, बस बरसे जा रहे हैं.

गली-मोहल्ले में पानी भरा, किसान भी टेंशन में

सूरज ने अपनी शिकायत में आगे बताया कि बिना बताए हो रही इस लगातार बारिश से आम लोगों का बुरा हाल है. हरदोई की कई सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया है. लोग घर से बाहर नहीं निकल पा रहे, रोज के काम-धंधे सब ठप हो गए हैं. वहीं खेतों में भी पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. फसल खराब होने का डर सता रहा है और इसी झुंझलाहट में युवक ने सारा ठीकरा सीधे इंद्रदेव पर फोड़ दिया.

इस अर्जी में सबसे ज्यादा हंसाने वाला हिस्सा आखिर में है. सूरज तिवारी ने बड़े भोलेपन से लिखा कि सर, मेरे पास इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं है. इसलिए मैं उनसे सीधे बात नहीं कर पा रहा. आप ही प्लीज इस मामले को गंभीरता से लीजिए और अपने दिव्य संपर्क के जरिए इंद्रदेव को ऑर्डर दीजिए कि बारिश को कंट्रोल करें. उसने मांग की है कि जल्द से जल्द बारिश बंद करवाई जाए ताकि हरदोई के लोगों को थोड़ी राहत मिल सके.

सोशल मीडिया पर वायरल अनोखी शिकायत

अब भगवान के खिलाफ की गई ये अनोखी शिकायत सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रही है. लोग इस पर खूब मजे ले रहे हैं. कोई कह रहा है कि लड़के ने तो सिस्टम की ही पोल खोल दी, तो कोई इसे सरकारी पोर्टल पर किया गया तगड़ा व्यंग्य बता रहा है. हरदोई में झमाझम बारिश के बीच आई ये शिकायत लोगों को खूब एंटरटेन कर रही है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि ऐसी फनी शिकायत पर जिलाधिकारी की तरफ से क्या जवाब आता है, क्या सच में दिव्य संपर्क लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *